हिंदू जागरण मंच द्वारा गोकुलपुरा में इंटरचेंज बनाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए
- फोटो : संवाद
हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसमें रानीपुर विकासखंड के गोकुलपुरा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज और रैंप के निर्माण की मांग की गई।
हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के समय उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय नागरिकों को यह आश्वासन दिया गया था कि गोकुलपुरा के पास इंटरचेंज की सुविधा प्रदान की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इंटरचेंज की सुविधा न होने के कारण गोकुलपुर और आसपास के गांव के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करके एक्सप्रेसवे का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। वहीं अमित कुमार वर्मा ने कहा कि यदि गोकुलपुरा में इंटरचेंज की सुविधा प्रदान की जाती तो इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलती और शिक्षा, व्यापार तथा स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाती। इस मौके पर मनीष सिंह, रवि गुप्ता, आर्यन सिंह, गुड्डू सोनकर, रोशन सोनी, सुजीत सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।