मऊ। जिले में अक्तूबर में बेमौसम बारिश (अर्नब तूफान) और तेज हवाओं के कारण धान समेत अन्य रबी फसलों को हुई भारी क्षति का मुआवजा दिलाने और प्लांट टू प्लांट सर्वे कराने की मांग की गई है। इस संबंध में किसानों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। साथ ही जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता राकेश सिंह में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में गले में तख्ती टांगकर सरकार विरोधी नारे लगाए और जोरदार प्रदर्शन किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान नेता राकेश सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित किसानों को सहायता व पैकेज देने की घोषणा के बावजूद, मऊ जिले की किसी भी तहसील या गांव में अभी तक जमीनी स्तर पर सर्वे का काम शुरू नहीं हुआ है और गति पूरी तरह रुकी हुई है।
उन्होंने कहा कि मऊ जिले में धान की फसल खेतों में गिरकर सड़ने लगी है। विशेष तौर पर सबसे अधिक उत्पादन देने वाली नाटी मसूरी धान की किस्म में रेड़ा लग गया है, जिससे उत्पादन पर 50 % तक असर पड़ा है। इसके अलावा सरसों, मटर, मसूर, आलू और चने की बोआई के बाद जलभराव से बीज का जमाव प्रभावित हुआ है। इसलिए जिले के सभी पीड़ित खेतों का प्लांट टू प्लांट सर्वे कराया जाए।
जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण लिया है, उन्हें बीमा कंपनियों से तुरंत क्लेम दिलाया जाए। साथ ही बेमौसम बारिश के कारण जिन ग्रामीणों के मकान गिरे हैं, उनका सर्वे कराकर आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान देव प्रकाश राय, लोक दल जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, नरेंद्र तिवारी, अवध राज यादव, शिव शक्ति सिंह, उदय प्रताप सिंह, छत्रपति सिंह, रामनिवास, तेज बहादुर सिंह, सुखारी पाल, बृजपाल गुप्ता, वीर बहादुर सिंह, कमला सिंह आदि उपस्थित रहे।