मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की तैयारी तेज हो गई है। जिले के माध्यमिक विद्यालयों की तरफ से बोर्ड की वेबसाइट पर आधारभूत सुविधाओं की सूचना अपलोड किए जाने के बाद जिला प्रशासन की तरफ से गठित तहसील स्तरीय टीमों ने अभी तक 50 प्रतिशत ही सत्यापन कार्य ही पूरा किया है।
बोर्ड से निर्धारित समय सीमा तीन अगस्त 2026 को ही समाप्त हो गई है। फीडिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड की तरफ से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण होगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण प्रकिया चल रही है। जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त सहित 506 माध्यमिक विद्यालय हैं। जिले के 260 माध्यमिक विद्यालयों की तरफ से 20 जुलाई 2026 तक बोर्ड की वेबसाइट पर आधारभूत सुविधाओं की सूचना अपलोड कर दिया गया था।
जिला प्रशासन की तरफ से आंकड़ों का सत्यापन करने के लिए तहसील स्तरीय टीम का गठन किया गया था। बोर्ड की तरफ से टीम को तीन अगस्त 2026 तक सत्यापन रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया गया था।
सत्यापन रिपोर्ट को 10 अगस्त तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की तरफ से फीड किया जाना है। अब तक विभाग को 130 विद्यालयों की ही सत्यापन रिपोर्ट मिल सकी है। विभाग की ओर से सत्यापन रिपोर्ट को ऑनलाइन कर दिया जाता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद का कहना है कि तहसीलों से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट की फीडिंग प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।