Mau News: मऊ जिले में सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सुअराबोझ गांव के पास एक शख्स का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिला। उसका शव कई टुकड़ों में ट्रैक पर फैला हुआ था।
मऊ जिले में रेलवे ट्रैक पर मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दो सप्ताह में दो युवक सहित एक अधेड़ की ट्रेन से कट कर मौत हुई है। मंगलवार की सुबह सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सुअराबोझ गांव के पास 35 वर्षीय अज्ञात का शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया। युवक का शव करीब 30 मीटर की दूरी में कई टुकड़ों में कट कर फैला हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर थाना और जीआरपी की टीम भी पहुंची।
विज्ञापन
अंदेशा है कि युवक आत्महत्या करने की नीयत से ट्रैक पर लेटा हुआ था। इससे पहले शनिवार की रात लगभग 8:30 बजे रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान कोतवाली के मुंशीपुरा निवासी मोहम्मद सलीम (18) की मौत हो गई थी।
वहीं बीते 24 जनवरी को घर से दुकान के लिए निकले सहादतपुरा निवासी मोहनलाल गुप्ता (60) भी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया था। 20 मिनट की जद्दोजहद के बाद घायल को ट्रेन से निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।