फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: हाईवे पर अंधेरे का डेरा, 200 से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब

विज्ञापन
नगर के भीटी ओवरब्रिज पर ख़राब स्ट्रीट लाइट
विज्ञापन
सावन महीना बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है। पूरे महीने कांवड़िये जलाभिषेक और विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में दर्शन-पूजन करने जाते हैं। प्रशासन की तरफ उनकी सुरक्षा और सुविधाओं के लिए तैयारी की जा रही है लेकिन नगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले दो राज्य राजमार्गों के अधिकांश हिस्सों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं।
विज्ञापन

इसके चलते शाम होते ही हाईवे पर अंधेरा पसर जाता है। नगर क्षेत्र सहित 200 से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे नगर को जोड़ने वाले दो ओवरब्रिज और तीन प्रमुख मार्गों पर अंधेरा रहता है, जिससे राहगीरों में डर बना रहता है।
एक राज्य राजमार्ग बलिया-मऊ मार्ग है। इसपर रतनपुरा, हलधरपुर, पहसा आदि क्षेत्रों से लोग आते हैं। कांवड़िये इसी मार्ग से मऊ होते हुए गाजीपुर और वाराणसी जाते हैं।
विज्ञापन

दूसरा मऊ-आजमगढ़ मार्ग है इसपर आजमगढ़, मुहम्मदाबाद गोहना आदि क्षेत्रों से लोग मऊ होकर जाते हैं। घोसी, कोपागंज आदि क्षेत्रों से लोग भी बलिया मोड़ होते हुए मऊ आते हैं।
मऊ-बलिया मार्ग पर बने सिकटिया ओवरब्रिज पर नगर पालिका की ओर से स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, लेकिन मौके पर सोमवार देर रात केवल एक तरफ की लाइटें जलती मिलीं।
50 से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इसी तरह बलिया मोड़ पर 20 से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। यह नगर का प्रमुख मार्ग है, जो बलिया को जोड़ता है।
इसी प्रकार भीटी ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटों में भी 20 से अधिक खराब पड़ी हैं। पड़ताल में यहां 15 से अधिक लाइटें खराब मिलीं। वहीं, मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर गाजीपुर तिराहा से बड़ागांव तक करीब पांच किलोमीटर के दायरे में लगी 50 से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं।
जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए जाने वाले कांवड़ियों और अन्य राहगीरों को अंधेरे से गुजरना पड़ेगा।
वार्डों में भी स्ट्रीट लाइटें खराब
नगर के निजामुद्दीनपुरा, सहादतपुरा, भीटी और मुंशीपुरा में भी कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। निजामुद्दीनपुरा निवासी राजू सिंह और सहादतपुरा निवासी पंकज कुमार ने बताया कि मोहल्लों में लगी कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
दो साल में झुक गईं स्ट्रीट लाइटें
गाजीपुर तिराहा से भीटी तक करीब 65 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। स्ट्रीट लाइटों के प्लेटफॉर्म निर्माण के समय ही घटिया निर्माण के आरोप लगे थे, लेकिन जिम्मेदारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। स्थिति यह है कि दो वर्षों में करीब एक किलोमीटर के दायरे में 10 स्ट्रीट लाइटें झुक चुकी हैं, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। जबकि एक स्ट्रीट लाइट गिर भी चुकी है।
-
जून में सिकटिया ओवरब्रिज के पास हुआ था हादसा
23 जून को सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सिकटिया ओवरब्रिज के पास स्थित हनुमान मंदिर के सामने सोमवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में हेमंत कुमार (24) की मौत हो गई थी, जबकि गुलशन यादव (23) और चंदन कुमार घायल हो गए थे। इसी स्थान पर 20 दिसंबर 2025 को सिकटिया ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़कर एक ट्रक नीचे गिर गया था। वहीं, दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा तिराहे से बड़ागांव के बीच भी सड़क हादसों में कई लोग घायल हो चुके हैं।

प्रतिक्रिया-
गाजीपुर तिराहा से लेकर भीटी तक लगी स्ट्रीट लाइटें बेहद घटिया गुणवत्ता की हैं। इसके चलते कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें झुक चुकी हैं, जो इसका उदाहरण है। -विहान, चांदमारी इमलिया
बलिया मोड़ नगर का मुख्य मार्ग है। स्ट्रीट लाइटें खराब होने से पैदल और साइकिल से आने-जाने वालों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। रात में सड़क पर कुछ दिखाई नहीं देता। जनसुविधा को देखते हुए नगर पालिका को यहां की खराब स्ट्रीट लाइटें जल्द ठीक करानी चाहिए। -दिलीप पांडेय, निजामुद्दीनपुरा
वर्जन-
जितनी भी लाइटें खराब हैं, उन्हें क्रमशः ठीक कराया जा रहा है। जहां लाइटें नहीं लगी हैं, वहां योजना बनाकर लगाई जाएंगी। -डॉ. मणिभूषण तिवारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका मऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें