पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर घर की रसोई तक पहुंच गया है। घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई जिले में कम हो गई है और दूसरी तरफ गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की बी कतार लग रही है।
एजेंसियों ने मौके फायदा उठाकर कालाबाजारी का नया तरीका शुरू कर दिया है। खपत की तुलना में कम आपूर्ति को देखते हुए होली से पहले ही एजेंसियों ने खेल शुरू कर दिया था। बिना सिलिंडर डिलीवरी के ही उनके खाते में सब्सिडी भेज दी गई है।
होली से पहले ही करीब 12 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के सिलिंडर की एजेंसियों ने कालाबाजारी कर दी। सरकार ने भरे सिलिंडर के भंडारण पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है, ऐसा करने वालों के विरुद्ध एस्मा कानून के तहत कार्रवाई होगी।
अधिक मुनाफा के चक्कर में एजेंसी मालिक इसे नजर अंदाज कर रहे हैं। उपभोक्ताओं से स्टॉक समाप्त होने की बात कही जा रही है, लेकिन बिचौलियों के यहां भरपूर मात्रा में एलपीजी सिलिंडर पड़े हुए हैं।
एजेंसियों से निराश लौटे उपभोक्ता 200 रुपये अधिक देकर सिलिंडर उठा रहे हैं। जिले में 30 एलपीजी गैस एजेंसियों पर करीब 4.50 लाख उपभोक्ता पंजिकृत हैं। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता सिलिंडर के लिए पहुंच रहे हैं, वहां उन्हें चार पांच दिन पहले ही डिलिवरी हो जाने की जानकारी मिल रही है।
एलपीजी की कमी को देखते हुए जिलापूर्ति अधिकारी ने चारों तहसीलों पर पूर्ति निरीक्षकों के नेतृत्व में भंडारण की निगरानी के लिए टीम गठित की है। इसके साथ ही एजेंसी संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बिना ओटीपी भेजे एलपीजी नहीं देना है।
एक सप्ताह से गांवों में नहीं पहुंच रहे सप्लाई वाहन
दोहरीघाट क्षेत्र के कृष्ण गैस एजेंसी एचपी दोहरीघाट, गौतम नगर गोठा स्थित इंडियन गैस एजेंसी, कटिहारी बुजुर्ग स्थित एचपी की लकी गैस एजेंसी के सप्लाई वाहन बीते एक सप्ताह से गांवों में नहीं पहुंच रहे हैं। शाहपुर निवासी एलपीजी उपभोक्ता मंजू, मंगीता ने बताया कि सिलिंडर नहीं पहुंचा तो वो खुद ही गोठा स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर पहुंची। वहां पता चला कि वहां भरा सिलिंडर समाप्त हो गया है, तीन दिन बाद से मिलेगा। उपभोक्ता नगीना प्रजापति ने बताया कि एचपी के कृष्णा गैस एजेंसी पर कनेक्शन है बीते पांच दिन से दौड़ रहा हूं, लेकिन भरा सिलिंडर नहीं मिल रहा है। वहीं बाजार में 200 रुपये अधिक देने पर जितना चाहे सिलिंडर मिल रहा है।
-
प्रतिक्रिया फोटो के साथ
मेरा कोपागंज इंपीरियल भारत गैस एजेंसी से एलपीजी कनेक्शन है। जरूरत पड़ने पर मंगलवार को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बुकिंग की गई। एजेंसी पर पहुंचने पर पता चला कि होली से पहले इस नंबर पर सिलिंडर दिया जा चुका है। अब 25 दिन बाद ही मिलेगा। -शीला सिंह, धवरियासाथ
सोमवार को बेटा इंपीरियल भारत गैस एजेंसी पर गैस सिलिंडर लेने पहुंचा था। पता चला कि पांच दिन पहले ही इस नंबर पर बुकिंग के बाद सिलिंडर डिलिवरी हो गई है और सब्सिडी भी बैंक खाते में भेजी गई है। दोबारा 25 दिन बाद बुकिंग करने के लिए कहा गया। -अंजली चौरसिया, कोपागंज
मेरा शहर के विमला गैस एजेंसी पर एलपीजी कनेक्शन है। बुधवार की सुबह से लंबी कतार का सामना करने के बाद सिलिंडर लेने का नंबर आया। वहां कर्मचारी ने बताया कि छह दिन पहले ही इस नंबर पर सिलिंडर की डिलिवरी हुई है। उसने खाते में सब्सिडी भेजे जाने का रिकार्ड भी दिखाया। -वेद सिंह, सहादतपुरा
जिले में एलपीजी की कमी नहीं है, अफवाह के कारण लोग आने वाले दिनों की फिक्र करते हुए भरा सिलिंडर रखना चाह रहे हैं। जिसके चलते सामान्य दिनों से अधिक भीड़ एजेंसियों पर हो रही है। सिलिंडर भंडारण पर पूरी तरह रोक है। इसकी निगरानी के लिए चारों तहसीलों में पूर्ति निरीक्षकों के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। - राघवेंद्र कुमार सिंह, जिलापूर्ति निरीक्षक, मऊ