अधेड़ की मौत के बाद सड़क जाम कर बीच सड़क पर बैठे ग्रामीण।
- फोटो : mau
मवेशियों के चारे के लिए पेड़ पर चढ़कर पत्ती तोड़ते समय एक अधेड़ की करेंट लग जाने स मौत हो गई। ग्रामीणों ने पेड़ पर टहनियों के बीच उलझे शव को देखा तो उसे नीचे उतारा मृतक की पहचान सुदर्शन राजभर के रूप में हुई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। खबर पाकर सपा नेता राजेंद्र मिश्र घटना स्थल पर पहुंचे और मृतक के परिवार को सहायता की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर तहसीलदार और पुलिस भी मौके पर पहुंची।
तहसीलदार ने सहायता का आश्वासन दिया तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
थाना क्षेत्र के ग्रामसभा ढढ़वल निवासी सुदर्शन राजभर (53) पुत्र स्व दुधई बुधवार को अपने मवेशियों को चारा खिलाने के लिए पेड़ से पत्ती लेने गया था। बताया जाता है कि वह सड़क के किनारे लगे एक जंगली पेड़ पर चढ़कर पत्ती काट रहा था। इसी बीच पेड़ के बीच से जा रही हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने उसे करेंट लग गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसका शव टहनियों के बीच उलझकर रह गया। गुरुवार की सुबह कुछ लोग उधर घूमते हुए गये तो पेड़ पर लटके शव को देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और शव को नीचे उतारा गया। मृतक की शिनाख्त सुदर्शन राजभर के रूप में हुई।
इसी बीच सपा नेता राजेंद्र मिश्रा घटनास्थल पर पहुंच गए और उसके परिवार को अहेतुक सहायता की मांग को लेकर मधुबन बेल्थरा सड़क जाम कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल और तहसीलदार श्रीप्रकाश गुप्ता ने सरकारी सहायता दिलाए जाने का भरोसा दिलाया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। सुदर्शन की पत्नी फेंकनी की मौत बहुत पहले हो चुकी है। परिवार में उनके एक लड़का सुरेश और एक लड़की है।