घोसी कोतवाली अंतर्गत बोझी बाजार (सिधारी चौक) में मंगलवार रात चोरों ने आधा दर्जन दूकानों को निशाना बनाया। दो किराना की और एक मेडिकल स्टोर से चोरों ने हजारों के माल पर हाथ साफ किया। जबकि तीन दूकानों में चोरी का प्रयास किया। इससे गुस्साए बाजारवासियों ने पुलिस चौकी का घेराव किया। कोतवाल ने मामलों के जल्द खुलासे का आश्वासन देकर शांत कराया।
चोर बोझी बाजार के किराना व्यवसायी रामबचन यादव की दूकान का ताला तोड़कर काउंटर समेत दो स्थानों पर रखे 25 हजार रुपये चुरा लिए। इसके अलावा गल्ला व्यवसायी संजय गुप्ता की दूकान का ताला तोड़कर काउंटर में रखे तीन हजार रुपये लेकर चलते बने। चोरों ने बाजार के सोनू पटेल के मेडिकल हाल की दूकान का ताला तोड़ा।
उसमें से लगभग 20 हजार रुपये के च्यवनप्राश, हार्लिक्स, डिब्बे के दूध आदि पौष्टिक दवाइयों की चोरी कर ली। इसके अलावा चोरों ने धर्मेंद्र यादव के सुर्ती की दूकान, सुरेंद्र प्रजापति के पुस्तक भंडार और उमेश मौर्य के टेंट हाउस की दूकान में चोरी का प्रयास किया। मगर इन दूकानों के ताले टूट नहीं पाए। घटना की जानकारी सबको बुधवार को तब हुई, जब दूकानदार अपनी दूकान खोलने आए। व्यवसायी पुलिस चौकी पहुंचे और घेराव किया।
नाराज लोगों का आरोप था कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात तो दूर, घटनाओं का पर्दाफाश करने में भी पुलिस फेल साबित हो रही है। बता दें कि दो माह पहले एक ही रात को बाजार के व्यवसायी भगेलू गुप्ता की दूकान में चोरी और यूबीआई की बोझी शाखा में चोरी के असफल प्रयास का पुलिस अब तक पर्दाफाश नहीं कर सकी है।