पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके 50 से अधिक मुकदमे के वांछित लालू यादव को पुलिस ने शुक्रवार को उसके एक साथी और शरणदाता के साथ जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में इसका खुलासा कर उसे और उसके दोनों साथी को पेश किया। पुलिस ने उसे गुरुवार की रात मधुबन थाना क्षेत्र के सुग्गीचौरी में मुठभेड़ के दौरान पकड़ा।
बदमाशा के पास से लूट के नगदी, जेवरात, बाइक और नाइन एमएम पिस्टल के साथ दो कारतूस बरामद किया गया है। साथी अमरजीत यादव के पास से पुलिस ने एक तमंचा एवं कारतूस बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि लालू यादव निवासी डोंडापुर थाना सरायलखंसी कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा।
उसपर मधुबन में गैस एजेंसी के चौकीदार को 27 दिसंबर 2014 को गोली मारने, सहित कई सराफा व्यवसायियों को गोली मार लूट की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
जनपद के अलावा आसपास के जनपदों आजमगढ़, गोरखपुर में भी लालू कई आपराधिक घटनाओं में वांछित है। गुरुवार को उसे मधुबन के सुग्गीचौरी रोड से देवरिया मार्ग पर स्वाट और मधुबन पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
हालांकि उसके तीन साथी फरार हो गए। उसके साथ पकड़ा गया बदमाश अमरजीत यादव निवासी ओइना थाना जलालपुर जिला जौनपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बदमाशों को शरण देने के आरोप में शिवनारायन निवासी नतिहवा थाना बरहज जनपद देवरिया को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों का शुक्रवार को चालान कर जेल भेज दिया।