कस्बा मुहम्मदाबाद गोहना के इदारतगंज मुहल्ला में रविवार को अपने घर के बाहर बैठकर मछली बिक्री का हिसाब कर रहे मछली व्यवसायी से बदमाशों ने असलहा दिखाकर 40 हजार रुपये लूट लिए।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुुंची मुकामी पुलिस ने खोजबीन शुरू की। लूट के शिकार हुए व्यापारी ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शक के आधार पर पुलिस ने कस्बे के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।इस बीच लूट की घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी वर्ग आक्रोशित हो गया। कोतवाली के बाहर प्रदर्शन करते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की।
मुहम्मदाबाद गोहना के इदारतगंज मुहल्ला निवासी पारस सोनकर मऊ जनपद के बड़े मछली व्यवसाइयों में हैं। रविवार को दिन में लगभग 11 बजे वह और उनके भाई दुलारे मछली की बिक्री की रकम का मिलान कर रहे थे।
इस बीच कस्बा की तरफ से दो बाइक पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और व्यापारी के कनपटी पर असलहा सटाकर बैग में रखा रूपया और एक मोबाइल छिनकर मऊ की तरफ फरार हो गये।
घटना से हतप्रद व्यापारी जब तक कुछ समझ पाता लुटेरे बैग में रखे 40 हजार रुपये की रकम लेकर काफी दूर निकल गये। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल एमपी सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के बाद उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। शक के आधार पर पुलिस कस्बा के इदारतगंज मुहल्ला निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
उधर व्यापारी से लूट होने की जानकारी के बाद सैकड़ों व्यापारी कोतवाली परिसर में एकत्रित हो गए और घटना के पर्दाफाश की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अंजनी गुप्ता व कांग्रेस नेता महेंद्र सोनकर ने कोतवाली पुलिस को तीन दिन की मोहलत देते हुए घटना, लूट की रकम व बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की। लूट का शिकार हुए व्यापारी पारस सोनकर पुत्र जगरनाथ ने चार अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।