fजले में अलग अलग क्षेत्रों में हुए चार सड़क हादसों में एक वृद्धा की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भ्ार्ती कराया गया है। जिसमें एक अधेड़ की हालत गंभीर है। उधर, मृत महिला के परिजनों ने देर शाम सड़क पर जाम लगा दिया।
चिरैयाकोट क्षेत्र के खरिहानी मार्ग पर इस्माइल नगर के पास बुधवार की शाम को ट्रक से दबकर एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के सराय त्रिलोचन निवासी योगेन्द्र पुत्र छोटे लाल अपनी 65 वर्षीया माँ सीमा और अपनी बेटी नंदनी(2) को बाइक पर बैठाकर अपने घर सराय त्रिलोचन जा रहा था। जब वह चिरैयाकोट से खरिहानी जाने वाले मार्ग पर नगर के इस्माइलनगर के पास पहुंचा तो उसकी बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। इसी समय सीमा सड़क पर गिर गई और विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। जिससे सीमा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि योगेन्द्र और उसकी बहन नंदनी बाल बाल बच गए। चालक ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
वहीं, मधुबन नगर पंचायत के ब्लाक गेट के सामने अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से दो युवक घायल हो गये। एक बाइक पर दो युवक नगर पंचायत के दुबारी मोड़ से होते हुए भैरोपुर मोड़ के तरफ जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आकर जख्मी हो गये। उनकी बाइक ट्रक के नीचे आ जाने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। जिससे क्षुब्ध लोगों ने सड़क पर उतर कर विरोध करना शुरू कर दिया।
वहीं, मधुबन थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गजियापुर मार्ग पर बुधवार की दोपहर करीब 1 बजे मधुबन को जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे आकर चालक रामभवन (22) पुत्र विजय और ट्रैक्टर पर सवार आनंद (23) पुत्र प्रेमचंद्र घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को स्थानीय निवासियों ने निकाला और फतेहपुर मंडाव सीएचसी लाकर भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।