घोसी कोतवाली क्षेत्र के सोनाडीह गांव निवासी एक व्यक्ति ने तीन लाख रुपये पाने के चक्कर में एक लाख रुपये गंवा दिया। उचक्के कागज की नकरी रुपयों की गड्डी थमा एक लाख लेकर रफू चक्कर हो गए। पीड़ित ने घर जाकर जब गड्डियां खोला तो उसके होश उड़ गए। गड्डियों के ऊपर दो दो हजार के नोट लगाकर अंदर उसी साइज के कागज के टुकड़े थे। घटना मंगलवार की शाम की है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
बाबा थानीदास (अमिला) स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 29 स्थित यूबीआई की शाखा से घोसी कोतवाली क्षेत्र के सोनाडीह गाँव निवासी श्रीराम पुत्र पूर्णवासी ने मंगलवार की शाम तीन बजे खाते से एक लाख रुपया निकाला। रुपये लेकर वह थानीदास मोड़ पर आकर एक दुकान पर बैठा था। उसके कुछ ही देर बाद उसके पास दो युवक पहुंचे। एक ने कहा कि वह उसे एक लाख रुपये के बदले तीन लाख दे सकता है। जालसाजों ने उक्त युवक को कई और लालच देते हुए अपने जाल में फंसा लिया। एक के बदले तीन लाख की बात से श्रीराम की लालच जाग उठी। बिना आगा पीछा सोचे उसने अपने पास रखी एक लाख रुपए की गड्डी को उक्त युवकों के हाथ में दे दिया।
युवकों ने उसके एक लाख रुपये लेकर उसे रुमाल में लपेट कर तीन लाख की नकली गड्डी दे दी और रफूचक्कर हो गए। घर पहुंचकर श्रीराम ने उन गड्डियों को देखा तो अवाक रह गया। गड्डियों पर ऊपर नीचे एक एक नोट दो दो हजार के थे, उनके अंदर उसी आकार के कागज के टुकड़े लगाए गए थे। यह देख श्रीराम को पसीना आ गया। बाद में कुछ लोगों की सलाह पर उसने घोसी कोतवाली को दी। उधर, सीओ घोसी अनिल कुमार ने ऐसी किसी तहरीर के प्रति अनभिज्ञता जताई। कहा पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।