सपा नेता की हत्या सहित कई आपराधिक घटनाओं का पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में एक साथ खुलासा किया।
सभी घटनाओं को जिले के कुख्यात बदमाश लालू यादव के गैंग ने अंजाम दिया था। एसपी ने आरोपी चार बदमाशों को मीडिया के सामने पेश किया। चारों के पास से पुलिस ने लूट की दो बाइकों के साथ दो तमंचा और एक अदद मैगजीन सहित चार कारतूस एवं एक खोखा बरामद किया।
इन्हीं बदमाशों ने सपा नेता की हत्या महज एक बाइक के विवाद में की थी। इसके साथ ही जिले में हुई कई घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश कर राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार रानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस बीच मुखबिर की सूचना पर गोकुलपुरा गांव के समीप दो बाइकों पर सवार बदमाशों को पुलिस ने आते देखा तो उन्हें रोकने का प्रयास किया। बदमाश पुलिस को देखते ही फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों को पकड़ लिया।
जबकि एक बदमाश हरिकेश यादव भाग गया। पकड़े गए बदमाशों में अभय सिंह पुत्र धर्मराज सिंह निवासी अब्दुलपुर मदारी थाना भीमपुरा जनपद बलिया, मुन्ना यादव निवासी डुमराव थाना सरायलखंसी वह डु़मराव का बीडीसी सदस्य भी है। नवीन यादव पुत्र रामानंद यादव निवासी भरथीपुर थाना रानीपुर, अंगद यादव निवासी सहरोज थाना कोपागंज हैं।
जबकि भागने वाला बदमाश हरिकेश यादव पुत्र रामबचन यादव निवासी पलिया थाना रानीपुर है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो देसी तमंचा, एक खोखा व एक कारतूस , आदि के साथ बलिया से लूटी गई एक बाइक एवं हत्या में प्रयुक्त एक बाइक को पुलिस ने बरामद किया है।
पुलिस ने हत्या सहित कई घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने पकड़े सभी चारो अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में निरुद्ध कर चालान कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस की सफलता पर प्रभारी बनाए गए एएसपी सुनील सिंह, स्वाट टीम, रानीपुर, चिरैयाकोट को पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।