मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के विजय स्तंभ चौराहा पर रविवार की देर शाम पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों से एक युवक का विवाद हो गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने एक नामजद सहित 20 हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के सैयदबाड़ा मोहल्ला निवासी एहतेशाम पुत्र अबरार रविवार की रात नगर के विजय स्तंभ चौराहे के पास खड़ा था। इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र के महरुपुर मोहल्ला के महबूब पुत्र निजामुदीन अपने 20 साथियों के साथ पहुंचा और उससे गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर मारपीट करने के साथ ही उस चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से एहतेशाम घायल हो गया। सूचना पाकर पहुुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर आरोपी महबूब समेत 20 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
घटना के संबंध में सीओ आलोक जायसवाल का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।