जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नववर्ष के पहले दिन तेज रफ्तार के चलते छह बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। इसमें चार घायल हो गए। उनकी हालात गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया।
बढुआगोदाम संवाददाता के अनुसार, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर निवासी आदित्य (18) पुत्र प्रेमकुमार मिश्रा मंगलवार को दोपहर में बाइक से मऊ जा रहा था। अभी वह आजमगढ़ मोड़ के पास एसबीआई बैंक के सामने पहुंचा था कि सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल युवक को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार वाहन सहित फरार हो गया। चिरैयाकोट संवाददाता के अनुसार, गाजीपुर जिले के युसूफपुर गांव निवासी मोहन पुत्र अरविंद्र शर्मा किसी काम से बाइक से मंगलवार को चिरैयाकोट आ रहा था। अभी वह क्षेत्र के सिरसा गांव के पास पहुंचा था कि थाना क्षेत्र के यूसूफाबाद निवासी रवी पुत्र चंद्रमोहन पटवा की बाइक से भिड़त हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को चिरैयाकोट पीएचसी में भर्ती कराया। जहां रवी की गंभीर हालात देखते हुए डाक्टरों ने आजमगढ़ रेफर कर दिया। फतेहपुर मंडाव संवाददाता के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र के बनपोखरा गांव निवासी अंकित सिंह (26) पुत्र लल्लन सिंह किसी काम से मंगलवार को मधुबन आ रहा था। जहां गांव के मार्ग पर सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। घायल को फतेहपुर मंडाव सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।