बढुआ गोदाम। शहर कोतवाली क्षेत्र के कल्याण सागर मुहल्ले में सोमवार की रात वाहन से पेट्रोल चोरी करने के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से चाकूबाजी हुई। घटना में पांच लोग घायल हो गए । घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने एक को हालत गंभीर देख उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घायल परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मंगलवार की शाम को रिपोर्ट दर्ज की गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कल्याण सागर मुहल्ला निवासी समशुल हक के दरवाजे पर खड़ी बाइक से सोमवार की रात कुछ मनबढ़ युवक तेल चुरा रहे थे। मनबढ़ों की हरकत को महिला ने देख लिया। जब महिला ने शोर मचाया तो युवकों ने महिला को कमरे में बंद कर दिया। महिला ने कमरे के अंदर से अपने मायके मुंशीपुरा मुहल्ले में फोन कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कल्याण सागर मुहल्ला निवासी समशुल हक पुत्र हाफिज, रशीद अहमद (65) तथा मुंशीपुरा मुहल्ला निवासी शमीम पुत्र हाजी, कमरुद्दीन (52) और नसीम (40), मोहम्मद शाहिद (25), सफीउल्लाह (20) मौके पर पहुंचे। इस दौरान मनबढ़ों ने अपनी जान बचाने के लिए उनके ऊपर हमला कर फरार हो गए। घायल हुए पांचों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डाक्टरों ने नसीम को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात को रिपोर्ट दर्ज किया।