पिपरसाथ गांव स्थित तमसा नदी के तट पर बुधवार की रात अवैध खनन के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया। जिसमें टीम ने
एक ट्रैक्टर ट्राली को चालक के साथ पकड़ा। जबकि एक ट्रैक्टर पर बालू लदा हुआ मिला। इस बीच कई ट्रैक्टर चालक ट्राली लेकर भाग निकले। अभियान सदर तहसील क्षेत्र के रतनपुरा ब्लाक में एसडीएम कुमार हर्ष के नेतृत्व में चलाया गया। उनके साथ थानाध्यक्ष, नायब तहसीलदार , राजस्व कर्मियों की टीम व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
नवागत डीएम प्रकाश बिंदु ने कार्यभार संभालने के साथ ही अधिकारियों की बैैठक कर अवैध खनन रोकने का आदेश दिया था। इस क्रम में एसडीएम सदर प्रशिक्षु आईएएस कुमार हर्ष नायब तहसीलदार सदर शशि भूषण पाठक राजस्व निरीक्षक लेखपाल और थानाध्यक्ष राजेश प्रसाद यादव के साथ रतनपुरा ब्लाक के पिपरसाथ ग्राम पंचायत के बहरामपुर मौजा स्थित तमसा नदी के किनारे पहुंच गए। इस दौरान एक ट्राली पर सफेद बालू लोड था। जबकि दूसरी ट्राली पर बालू लोड हो रहा था। कई ट्रैक्टर ट्रालियां बालू लादने के लिए खड़ी थीं। प्रधानपति भी अवैध खनन स्थल पर पहुंचे। इस मुहिम में मौके से बालू लदी एक ट्रैक्टर ट्राली ,एक खाली टैक्टर ट्राली पकड़ी गई। दोनों को लेकर पुलिस थाने जा रही थी, इस दौरान रास्ते में गति धीमी करके खाली ट्रैक्टर ट्राली का चालक भाग गया। जबकि पकड़े गए अन्य चालक बहरामपुर गांव दिनेश को पुलिस थाने ले गई। यह अभियान रात साढ़े दस से सुबह चार बजे तक चला।
इनसेट
पहले ही चिह्नित कर लिया था
मऊ। एसडीएम ने खनन माफियाओं को पहले से ही चिह्नित कर लिया था। खनन माफियाओं के मोबाइल नंबर पर हुई बातों का डिटेल लेकर एसडीएम गए थे। डायल किए गए इन नंबरों में एक नंबर पर कई बार बात की गई थी। एसडीएम के निर्देश पर जब एसओ ने उस नंबर पर डायल किया तो एक सिपाही का मोबाइल बज उठा। यह सिपाही रतनपुरा पुलिस चौकी तैनात है।