बढुुआ गोदाम। सरायलखंसी थाने के अली नगर गांव में गुरुवार की सुबह क्रिकेट मैच खेलने के दौरान बच्चों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बाद में पुलिस पहुंच गई और लोगों ने भी समझा बुझाकर शांत कराया।
अली नगर गांव के बच्चे सिवान में क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान कुछ लोग पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर बहस करने लगे। जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। इसबीच सूचना मिलने पर सरायलखंसी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही गांव के संभ्रांत लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद मामला शांत हो गया। इस दौरान पुलिस दोनों तरफ से 12 लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई। थाने पर दोनों पक्षों ने आपस में वार्ता कर मामले में सुलह कर लिया। तब पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि मामूली बात को लेकर बच्चों के बीच विवाद हुआ था। लेकिन बाद में दोनों पक्षों ने खुद की गलती मानकर सुलह कर लिया।