थाना क्षेत्र के भवराजपुर गांव निवासी अधेड़ की लाश सोमवार की सुबह ट्यूबवेल पर मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने जांच के बाद अधेड़ की मौत के पीछे करेंट लगने का अनुमान लगाते हुए शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दी। जबकि परिवार के सदस्यों ने अधेड़ को घर से बुलाकर उसकी गला घोटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया।
मृत अधेड़ राधेश्याम 50 भवराजपुर गांव निवासी हरिनाथ यादव का पुत्र था। राधेश्याम गांव निवासी सतीश व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार की शाम राधेश्याम खाना खाकर घर से निकला। इसके बाद उसकी लाश सोमवार की सुबह आठ बजे गांव निवासी केदार यादव के ट्युबवेल पर मिली। दूसरी तरफ रविवार की रात को राधेश्याम के घर वापस न लौटने पर उसके परिवार के लोग काफी चिंतित दिखे। घर के सदस्यों ने उसकी खोजबीन भी किया। इस दौरान परिवार के सदस्य ट्रैक्टर मालिक के घर जाकर पूछताछ किया। लेकिन वो भी कुछ बताने में अक्षम रहें। सोमवार की सुबह गांव से लगभग 100 मीटर पश्चिम तरफ गांव के ही केदार यादव का नलकूप बिना दरवाजे का है। सोमवार की सुबह आठ बजे के करीब जब केदार के भाई शिवमंगल पानी चलने के लिए नलकूप पर पहुंचा तो उसे वहां राधेश्याम की लाश दिखी। मृतक के शरीर पर गीली मिट्टी लगी हुई थी। उसके गले पर हल्के काले निशान और सिर में एक तरफ हल्की चोट के निशान थे। इस बीच मृतक के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या यह मामला करेंट से मौत प्रतीत होता है लेकिन पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।