वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के चलिसवा गांव में मंगलवार की सुबह 10 बजे जमीनी विवाद को लेकर पांच लोगों ने एक व्यक्ति पर लाठी डंडा से हमला बोल दिया। बीच बचाव करने आए उसके परिजनों को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उधर पुलिस ने पीड़ित के तहरीर पर गांव के पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के चलिसवां गांव निवासी कन्हैया चौहान पुत्र चरित्र चौहान का घर के बाहर पक्की नाली बनी हुई। मंगलवार गांव के संजय चौहान अपने पांच साथियों के साथ अपनी जमीन में नाली बने होने की बात कहकर नाली तोड़ने लगे। जिस पर कन्हैया चौहान ने इसका विरोध किया, इस पर संजय और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए उसके परिवार के सदस्य रमाकांत, सोनी और रामबचन को भी लाठी डंडे से हमला कर घायल कर दिया। मारपीट की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। उधर पुलिस ने पीड़ित कन्हैया की तहरीर पर संजय सहित पांच लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।