मऊ। परदहां ब्लाक क्षेत्र के सरवां स्थित औद्योगिक नव शिक्षा यतन देवनगर में तैनात एक सहायक अध्यापक का जांच में शैक्षिक अभिलेख फर्जी मिलने का मामला प्रकाश में आया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर विद्यालय प्रबंधक ने शैक्षिक अभिलेख फर्जी मिलने के प्रकरण में सहायक अध्यापक को बर्खास्त कर दिया है।
परदहां ब्लाक क्षेत्र के सरवां स्थित औद्योगिक नव शिक्षा यतन देवनगर में सहायक अध्यापक पर तेज बहादुर सिंह की तैनाती की गई। वर्ष 2018 में गांव के लोगों ने विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक तेज बहादुर सिंह का शैक्षिक अभिलेख फर्जी होने की निदेशालय में शिकायती पत्र दिया। शासन के निर्देश पर बीएसए ने गोपनीय जांच कराया। लंबी जांच प्रक्रिया चली। विभाग की तरफ से शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में बीटीसी अंक पत्र फर्जी मिला। बीएसए के निर्देश पर विद्यालय प्रबंधक ने विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक को बर्खास्त कर दिया है। इस संबंध में औद्योगिक नव शिक्षा यतन देवनगर सरवां के प्रबंधक सत्या सिंह का कहना था कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कराई जा रही जांच में शैक्षिक अभिलेख फर्जी मिलने के प्रकरण में बीएसए के निर्देश पर सहायक अध्यापक तेज बहादुर सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। आख्या बीएसए को भेज दी गई है। इस बाबत बीएसए ओपी त्रिपाठी का कहना है कि एफआईआर दर्ज कराकर वेतन रिकवरी कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया है।