मधुबन थाना क्षेत्र के देवारांचल के मित्तूपुर बंधे के पास रविवार की सुबह छह बजे बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर अधेड़ की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आये एक युवक को भी बदमाशों ने गोली मारी। जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिये उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस बवाल की आशंका को देखते हुए शव लेकर थाने चली आयी और उसे पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता समेत छह लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कर किया। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव करने के साथ ही सड़क भी जाम किया। उधर, नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य भी घटना स्थल पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली।
मधुबन थाना क्षेत्र के नकिहवा देवारा के मूल निवासी दीपन यादव (50) पुत्र रामअधीन यादव दुबारी नई बस्ती में रहता था। रविवार की सुबह वह किसी काम से बाइक से तिघरा गया था। वापस लौटते समय वह मित्तूपुर बंधा के पास अपने परिचित हरिंद्र यादव पुत्र चन्द्रमा को देख रुक गया। हरिन्द्र अपनी बीमार मां को सहारा देकर टहला रहा था। दीपन हरिन्द्र से उसकी मां का हालचाल पूछ ही रहा था कि बाइक सवार दो बदमाश पहंचे और दीपन को लक्ष्य कर गोली मार दी। एक गोली सिर के पास लगते ही दीपन जान बचाने के लिये बंधे से नीचे भागा लेकिन हमलावरों ने उसे दौड़ा लिया और उसके नजदीक पहुंच कर सिर और सीने में कई गोलियां उतार दीं। दीपन की मौके पर ही मौत हो गयी। बदमाशों ने बचाव करने के लिये दौड़े हरिन्द्र को भी गोली मारी जो उसके बायें पैर में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो घटना को अंजाम देकर हमलावर सोनाडीह की तरफ भाग निकले। हमलावर हेलमेट पहने हुए थे।
उधर, दीपन यादव के भाई शिव नरायण यादव की तहरीर पुलिस ने भाजपा नेता मैनपरवा निवासी अभिषेक सिंह, मिश्रौली निवासी वंशबहादुर, देवरिया जिले के रुद्रपुर थाने के कोरवा गांव निवासी नथुनी यादव, मधुबन थाने के रमऊपुर निवासी त्रिपुरारी यादव तथा विनेसर यादव एवं मिश्रौली निवासी रामजीयावन के खिलाफ साजिश कर हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे प्रथम दृष्ट्या पुरानी अदावत ही उभर कर सामने आई है।
कोट
तहरीर के आधार पर हत्यारोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। प्रथम दृष्टया घटना का कारण आपसी रंजिश का लग रहा है। मृतक भी एक अपराधिक गैंग का सदस्य था।
अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक मऊ