घोसी कोतवाली क्षेत्र के जलालीपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह एक बाइक बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में किशोर बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजन और पुलिस भी कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों की मांग पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव परिजनों को सौंप दिया। किशोर बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाए था।
मिली जानकारी के अनुसार, घोसी कोतवाली क्षेत्र के भटमिला गांव निवासी सचिन भारती 15 पुत्र रामदुलारे शुक्रवार की सुबह बाइक से किसी काम से अमिला गया हुआ था। सचिन वापस घर लौट रहा था कि अमिला-लाटघाट मार्ग पर जलालीपुर गांव के मोड़ के पास बाइक पर उसकानियंत्रण हट गया और बेकाबू हुई बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में सचिन के सिर में गहरी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस और मृतक के परिजन दोनों घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने की मांग की। जिस पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने किशोर का अंतिम संस्कार दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम पर कर दिया। मृतक के पिता रामदुलारे ने बताया कि सचिन चार भाईयों में सबसे बड़ा था। घटना से परिवार के साथ ही भटमीला गांव में भी मातम छाया रहा।