हलधरपुर। थाना क्षेत्र के रतनपुरा भीमपुरा रोड स्थित बिलौंझा बाजार में शुक्रवार की रात चोरों ने दो दुकानों और एक गुमटी को निशाना बनाया। चोरों ने एक लाख 50 हजार रुपये के सामान चुरा लिए।
बिलौंझा बाजार निवासी अशोक पुत्र लाल वचन बिलौझा बाजार में ही सोने चांदी के गहनों की दुकान हैं। अशोक पुराने गहनों की मरम्मत का काम भी करता है। चोरों ने शुक्रवार की रात में अशोक की दुकान के लोहे के दरवाजे के कब्जों को तोड़ दिया और अंदर रखी तिजोरी के ताले तोड़कर उसमें रखी आधा किलो चांदी और दस ग्राम सोने के साथ ही मरम्मत के लिए आए लगभग 35 हजार रुपयों के पुराने गहने चुरा कर फरार हो गए। इसी बाजार में नौशाद पुत्र अमीन अंसारी की किराने की दुुकान है। चोर दुुकान का शटर चांड़कर अदंर घुसे। यहां से बीस हजार रुपये नगद और लगभग दस हजार रुपये मूल्य के सामान चुराए। चोरों ने तीसरा शिकार एक गुमटी को बनाया। बिलौंझा गांव के ही रहने वाले शिवकुमार बाजार के एक छोर पर गुमटी में स्टेशनरी और जनरल सामानों की दुुकान चलाते हैं। चोरों ने इनकी गुमटी का ताला तोड़ कर लगभग 20 हजार के सामान चुरा लिए।
सुबह जब लोग टहलने के लिए निकले तो इन दुकानों के ताले टूटे और दरवाजे खुले देखकर दुुकानदारों को सूचना दी। सूचना पाकर दुकानदार भागे भागे अपनी दुकानों पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दुकानों में सामान तितर बितर पड़े थे। दुकानदारों ने इस बाबत पुलिस को तहरीर दे दी है। लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़ित दुुकानदारों से पूछताछ कर घटना के विषय में जानकारी ली। इस बाबत सीओ घोसी अनिल कुमार का कहना है कि तीनों चोरियों का खुलासा जल्दी ही पुलिस कर देगी।