मधुबन/दोहरीघाट। जिले के मधुबन और दोहरीघाट थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में शनिवार को एक अधेड़ और एक महिला की मौत हो गई। मधुबन थाना क्षेत्र के अहिरौली समसपुर गांव के समीप मधुबन घोसी मुख्य मार्ग पर शनिवार की शाम साढ़े चार बजे अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक अधेड़ को धक्का मार दिया। जिससे अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। घटना से आक्रोशित गांव वालों ने दुर्घटना स्थल पर सड़क जाम कर दिया। तहसीलदार सुबाष चंद्र यादव और सीओ श्वेता आशुतोष ओझा ने आश्वासन दिया कि ब्रेकर बनवाया जाएगा और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा। तब जा कर लोगों ने दो घंटे बाद जाम खत्म किया।
अहिरौली समसपुर निवासी सुरेंद्र (55) पुत्र शारदा गांव से कुछ दूरी पर स्थित अपने पाही से पशुओं के लिये भूसा लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह मधुबन घोसी मुख्य मार्ग पहुंच कर रोड पार कर रहा था कि मधुबन की तरफ से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग उसे पीएचसी मधुबन लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के नईबाजार के समीप एक ट्रक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के नवली ग्राम पंचायत नई बाजार निवासिनी सुशीला देवी गांव से भूजा भुना कर अपने घर जा रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार आ रही ट्रक ने सुशीला को टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोग उसे सदर अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई उधर घटना के बाद ट्रक सहित चालक फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में ट्रक चालकों के विरुद्ध मुुकदमा दर्ज कर लिया है।