सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर गांव के राजभर बस्ती में रविवार की रात चोरों ने एक घर में घुस कर नकदी सहित हजारों रुपये के सामान चुरा लिए और फरार हो गए। चोरी की जानकारी परिवार के सदस्यों को सुबह सामान इधर उधर बिखरे होने पर हुई।
ताजोपुर मोहल्ला निवासी संतोष राजभर रविवार की सुबह अपनी पत्नी के साथ शहर से बाहर अपने रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। इसके चलते घर में केवल उनके बच्चे मौजूद थे। रोज की भांति सभी खाना आदि खाकर सो गए। सोमवार की सुबह जब वह उठे तो देखा कि घर में सामान इधर उधर बिखरा हुुआ था और घर में रखा बक्से का ताला भी टूटा था। बक्से को खोलकर देखने पर उसमें रखा तीन हजार नकदी सहित पंद्रह हजार रुपये मूल्य के आभूषण गायब थे। घर में चोरी की जानकारी बच्चों ने पिता को फोन पर दी। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को कोई तहरीर आदि नहीं दी गई थी।