मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली थाना क्षेत्र के खैराबाद ( पुरानी बाजार ) गांव में सोमवार की रात विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। परिवारीजनों के सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवाहिता के पिता ने इस संबंध में मृतका के पति, जेठ, जेठानी, ननद और सास के विरुद्घ थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है।
बिहार के सीवान जिला के गोठनी गांव निवासी वंदना ( 24) पुत्री जितेंद्र की शादी खैराबाद निवासी प्रिंस वर्मा पुत्र स्व. विद्याशंकर के साथ 13 मई 2017 को हुई थी। आरोप है कि सोमवार की रात खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद हो गया। इससे नाराज महिला ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब प्रिंस अपने कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। तब आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ कर विवाहिता को बाहर निकाला गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए लेकिन जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना विवाहिता के मायके वालों को दी गई । मौके पर पहुँंचे मायके वालों ने दहेज को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति को भी हिरासत में लिया है। घटना के बारे में पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या किया है या हत्या हुई है यह जांच का बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।