स्थानीय थाना क्षेत्र के कुंडा शरीफपुर के पास से चचाईपार जाने वाली नहर में रविवार को मृत पाई गई 14 वर्षीया युवती की पहचान हो गई। मृतका थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव की निवासिनी थी। उसका नाम नंदनी चौहान पुत्री सूर्यभान था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में युवती के परिवार के ही दो सदस्यों को उठा लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस को अनुमान है कि युवती की हत्या में उसके ही परिवार वालों का हाथ हो सकता है। इसलिए पुलिस उसके परिवार के दो सदस्यों को थाने उठा लाई। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर युवती की हत्या का सुराग लगाना चाहती है। वैसे क्षेत्र में इस बात को लेकर काफी चर्चा है। चर्चा यह भी है कि 10 वीं कक्षा की छात्रा को जहर देकर मार डाला गया और उसके शव को नहर में फेंक दिया गया। वैसे भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो पुलिस इसे आनकिलिंग का मामला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। हालांकि पुलिस इस प्रकरण पर अभी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस को अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रति नहीं मिली है। इस बाबत एएसपी एसके श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस प्रकरण का खुलासा करेगी।