थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से स्वाट टीम ने छापेमारी कर सात लोगों को उठाया। स्वाट टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई की पुष्टि किसी अधिकारी ने नहीं की। पुलिस सूत्रों से पता चला कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला थानीदास मोड़ पर बीते दिनों एटीएम तोड़कर हुई चोरी की घटना के खुलासे में जुटी पुलिस की स्वाट टीम ने सुरागकशी कर आरोपियों को दबोचा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के थानीदास अमिला मोड़ स्थित यूबीआई के एटीएम को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना का खुलासा करने के लिए घोसी कोतवाली पुलिस के साथ-साथ स्वाट टीम को लगाया गया था। जांच पड़ताल के बाद स्वाट टीम ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। इस दौरान टीम ने बुधवार की शाम कोपागंज थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करके तीन दिनों के अंदर सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो बीते 30 जुलाई को स्वाट टीम द्वारा कोपागंज थाना क्षेत्र के मुंगमास गांव के चौहान बस्ती से उठाए गए दो युवको के निशानदेही पर पुलिस ने एक अगस्त बुधवार को भादसामानोपुर गांव से पल्सर सवार दो युवको में एक को दबोचा। इस दौरान दूसरा भागने में सफल रहा। इसके अलावा कोपागंज बाजार के विभिन्न मोहल्लों से पुलिस ने एक घंटे के अंतराल पर लगभग सात युवको को उठाया। इनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही पुलिस एटीएम चोरी की घटना का खुलासा करेगी। हालांकि किसी को उठाए जाने से पूछे जाने पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार किया।