अपर पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह ने बुधवार को घोसी कोतवाली प्रांगण में सर्किल के तीनों थानों कोपागंज, घोसी एवं दोहरीघाट की अपराध समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। कार्य में शिथिलता को लेकर घोसी के दो और कोपागंज थाना के कुर्थिजाफरपुर पुलिस चौकी प्रभारी को चेतावनी जारी की।
घोसी सर्किल के तीनों थानों के अपराध निरीक्षण में पाया कि घोसी कोतवाली में 50 मुकदमें लंबित हैं। वहीं कोपागंज में 33 और दोहरीघाट में 23 मुकदमों की विवेचना लंबित है। वहीं घोसी में 8 कोपागंज में 3 व दोहरीघाट में चार नामजद अपराधी पकड़ से बाहर हैं। कोर्ट द्वारा जारी एनबीडब्ल्यू के तामिला में पाया कि घोसी में पांच, कोपागंज में दो तथा दोहरीघाट में 2 आरोपी न्यायालय से फरार चल रहे हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाने हुए उन्होंने 15 दिन के अंदर वर्ष 2013-14 के पुराने मुकदमों के निस्तारण का आदेश दिया। उन्हाेंने महिलाओं के उत्पीड़न आदि मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की हिदायत दी। तीनों थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि गैंगेस्टर एक्ट के हत्यारोपी घोसी क्षेत्र के पवन यादव, दोहरीघाट में लूट के दो व कोपागंज में गोवध के दो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करें। कार्य में शिथिलता को लेकर कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर चौकी इंचार्ज शिवसागर चौधरी, घोसी के दो उपनिरीक्षक एएन त्रिपाठी और एम सिंह को चेतावनी जारी की। घोसी प्रभारी आरके जायसवाल, कोपागंज एसओ देवेंद्र कुमार सिंह, दोहरीघाट एसओ कृष्ण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।