कोपागंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की दोपहर घर में सो रही नाबालिग किशोरी से पड़ोसी युवक ने छेड़छाड़ की कोशिश की। किशोरी की चीख पुकार सुनकर घर के लोग पहुंचे और आरोपी को पकड़कर जमकर धुनाई की। इसी दौरान आरोपी परिवारीजनों को चकमा देकर भाग गया। पीड़ित किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर में पीड़ित के पिता ने बताया कि शनिवार को उसके घर में तेरही का कार्यक्रम चल रहा था। जहां उसकी 14 वर्षीय बेटी घर के कमरे में सोई हुई थी। कार्यक्रम के चलते सभी लोग व्यस्त थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला 35 वर्षीय युवक घर में घुसा और सीधे कमरे में पहुंचकर सोई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी की चीख पुकार सुनकर परिवारीजन पहुंच गए और आरोपी को मौके से पकड़ लिया। जहां उसकी जमकर पिटाई कर उससे पूछताछ कर रहे थे, कि युवक सबको चकमा देकर भाग गया। इसके बाद पीड़ित के पिता ने थाने पहुंचकर आरोपी युवक को तहरीर दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।