नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर आयोजित क्रिकेट मैच में शाॅट लगाता बल्लेबाज। संवाद
मऊ। सहादतपुरा स्थित मैदान पर सोमवार को सीपीसी रेड और वेदांत क्रिकेट क्लब के बीच 30-30 ओवर का मैच खेला गया। इसमें सीपीसी रेड के कप्तान आयुष यादव के शतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेदांत क्रिकेट क्लब को 193 रनों के भारी अंतर से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सीपीसी रेड ने निर्धारित 30 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 272 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान आयुष यादव ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी।
उन्होंने मात्र 74 गेंदों पर नाबाद 169 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 14 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अमन यादव ने 40 रन और आकाश ने 28 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
वेदांत क्रिकेट क्लब की ओर से राज सिंह राजपूत ने 2 विकेट चटकाए। 273 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 53 रन के स्कोर पर ही अपने 8 विकेट खो दिए।
पूरी टीम 28.4 ओवरों में महज 79 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से कप्तान आर्यन प्रजापति ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। सीपीसी रेड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। अंकित दुबे ने 3 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
पीयूष सिंह ने 5 ओवरों में 4 मेडन फेंकते हुए मात्र 1 रन देकर 2 विकेट लिए। मनीष बलवंत को 2, जबकि आयुष यादव, जुबैर और आदित्य विश्वकर्मा को 1-1 सफलता मिली। विस्फोटक शतकीय पारी और किफायती गेंदबाजी के दम पर कप्तान आयुष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।