ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद मंगलवार को परिषदीय विद्यालय खुल गए। पहले दिन अधिकांश विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम रही। शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
कई विद्यालयों में सुबह 9.30 बजे तक बच्चों की उपस्थिति शून्य रही, जिससे शिक्षक बच्चों के आने का इंतजार करते नजर आए।
जिले में 1208 परिषदीय विद्यालय हैं। 27 दिनों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद मंगलवार को विद्यालय खुलते ही स्कूल परिसरों में बच्चों की चहल-पहल लौट आई, हालांकि पहले दिन उपस्थिति कम रही।
विद्यालयों में शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और प्रार्थना सभा के बाद नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराईं। बच्चों को गर्मी से बचाव, पर्याप्त पानी पीने और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।
बोझी : बड़रांव ब्लॉक क्षेत्र के उसरी विश्वनाथपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय, उसरी खुर्द स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय विश्वनाथपुर तथा कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद सिपाह में सुबह 9.30 बजे तक बच्चों की उपस्थिति शून्य रही।
शिक्षक बच्चों के आने का इंतजार करते नजर आए। प्रधानाध्यापकों के अनुसार पहला दिन होने के कारण बच्चे नहीं पहुंचे। डोर-टू-डोर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इंदारा : भरथिया कादीपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नामांकन 93 के सापेक्ष 50 बच्चे उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। प्रार्थना सभा के बाद योगाभ्यास कराया गया और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की गईं।
रतनपुरा : खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि पहले दिन कई विद्यालयों में उपस्थिति कम रही है। शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को अभिभावकों से डोर-टू-डोर संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
-वर्जन
सभी परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। -संतोष कुमार उपाध्याय, बीएसए