मऊ। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 14 नए मरीज मिलने से जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 370 हो गई है। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 93 है। इसके बाद भी शहर की जनता कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरुक नहीं हो रही। यह जानकारी शुक्रवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने दी।
डीएम ने बताया कि गुरुवार को 339 लोगों का सैंपल लिया गया था। इसको मिलाकर अबतक 13011 लोगों का सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजा जा चुका है। इसमें से अबतक 11818 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है । इसमें 11460 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है । सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 209 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 14 रिपोर्ट बीएचयू से तथा दो एंटीजन कीट से जांच के बाद पॉजिटिव आई। इस रिपोर्ट को मिला दिया जाए तो जिले में अब तक 370 लोग पॉजिटिव मरीज मिले हैं। लेकिन 273 लोगों के ठीक होकर घर लौटने और चार की मौत होने से एक्टिव मरीजों की संख्या 93 हो गई है।
जो शुक्रवार को पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है ,उसमें नगर क्षेत्र के सहादतपुरा ब्रह्मस्थान से दो परिवार के 7 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है । गाजीपुर तिराहा स्थित एक नर्सिंग होम से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। इसके अलावा दो लोगों की बीएचयू लैब से पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है, उसमें एक मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का रहने वाला है, तथा दूसरा कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के एक मौजे का रहने वाला है। इसके अलावा दो रिपोर्ट आई है।
उसमें एक कोपागंज थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव का रहने वाला व्यक्ति है और दूसरा कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के बरईपुर गांव का रहने वाला है। सीएमओ ने बताया कि जो पॉजिटिव लोग मिले हैं उसमें तीन लोगों का इलाज आजमगढ़ में, 11 का इलाज बीएचयू में, तीन का इलाज लखनऊ में और एक का इलाज गोरखपुर में चल रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में लॉकडाउन े दौरान 20त्र् देशों से 216 प्रवासी जिले में आए हैं । इसमें 132 लोगों का 21 दिन पूरा होने पर डिस्चार्ज होकर घर भेजे जा चुके हैं । 67 लोग होम क्वारंटाइन है ,तथा 16 लोग शिवानंद डिग्री कालेज इंदारा में क्वारंटाइन किए गए हैं ।
एक व्यक्ति पेड क्वारंटाइन होटल ग्रीन लैंड में है। उन्होंने बताया कि जिन देशों से जिले में आए हैं उसमें सिंगापुर, कतर, कुवैत, रूस ,मिश्र, ओमान, ट्यूनिस, दुबई ,यूक्रेन, माले, सऊदी अरब , बहरीन, कंबोडिया,अल्जीरिया, मलेशिया, ईरान ,इराक ,दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया से लोग जिले में आए हैं।