मऊ में जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्रेट निकोबार द्वीप के 161 वर्ग किलोमीटर जंगल को बचाने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। यह अभियान 8 जून से 15 जून 2026 तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें केंद्र सरकार पर पर्यावरण और आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
अपने संबोधन में राजमंगल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार इस अछूते जंगल को पूंजीपतियों को सौंपने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे पर्यावरण और आदिवासी समुदायों के साथ खिलवाड़ बताया। यादव ने कहा कि यह जंगल दिल्ली से चार गुना बड़ा है। कांग्रेस पार्टी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस कदम का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि इस जंगल को आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाना आवश्यक है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले जाकर आम जनता से हस्ताक्षर एकत्र करेंगे। सभी हस्ताक्षर 17 जून 2026 तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी, लखनऊ को भेजे जाएंगे। कार्यक्रम में उदय प्रताप राय, मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान अंसारी, शाहिद फारूकी, प्रमोद सिंह, सच्चिदानंद राय, रामकेश पटेल, रत्नेश राय, सुहैल अहमद, सुरेश राजभर, प्रेमशिला, साधना श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।