सीएम योगी के मऊ भ्रमण पर आने की संभावना है। जनसभा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की।
हेलीपैड स्थल, जनसभा स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सीएम के ताजोपुर स्थित सैनिक नर्सिंग स्कूल में आगमन का कार्यक्रम है हालांकि तारीख अभी तय नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनसभा स्थल पर आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी, जिससे वहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पंचायत राज अधिकारी को हेलीपैड स्थल और जनसभा स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों को टेंट, मंच और हेलीपैड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय के भीतर सभी कार्य पूरे करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के बेहतर प्रबंध करने का निर्देश दिया। कहा कि यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और वीआईपी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, पुलिस क्षेत्राधिकारी आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।