मऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में विशेष जनकल्याण कार्यक्रम चल रहा है। पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों और मलिन बस्तियों में बुधवार को भी स्वच्छता, जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
बुधवार को इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई की जा रही है। सफाईकर्मी नालियों की सफाई और कूड़ा निस्तारण का काम कर रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं। ग्रामीणों को अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जन चौपालों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिला पंचायती राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र ने बताया कि अभियान का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बढ़ाना है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना भी है।
साथ ही, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन ने आमजन से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।