31वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में सोमवार को नगर के सहादतपुरा स्थित तत्वबोध इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता, डायट प्राचार्य ओमप्रकाश राय, प्रधानाचार्य देवभाष्कर तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जनपद स्तरीय आयोजन का मुख्य विषय स्वास्थ्य और कल्याण के लिए परितंत्र को समझाना था। इसमें 10 वर्ष से 17 वर्ष के बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग करते हैं। कार्यक्रम में 15 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। जिसमें जूनियर संवर्ग से 58 बाल वैज्ञानिक और सीनियर संवर्ग से 48 बाल वैज्ञानिक तथा 20 मार्गदर्शक शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रबंधक कंचन तिवारी, जिला समन्वयक ऋषिकेश पांडेय ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्रम देकर तथा तिलक लगाकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में दिनेश कुमार श्रीवास्तव डॉ. बीडी सिंह, भूपेंद्र वीर सिंह, डॉ. हिमांशु राय, चंदन सिंह, कुलदीप जायसवाल, आदर्श कुमार, डॉ. ज्योति, मधुसूदन तिवारी शामिल रहे। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने बाल वैज्ञानिकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चार बाल वैज्ञानिकों आरुष यादव, जानवी सिंह, अनुराधा, आयुष श्रीवास्तव को चयनित किया गया। प्रतीक्षा सूची में कलस सिंह, अरणी त्रिपाठी को चयनित किया गया। इस अवसर पर डॉ. विनय कुमार सिंह एकडेमी कोऑर्डिनेटर, अरुण कुमार मिश्रा, ओमकार यादव, सुनील यादव, नवीन बरनवाल, रंजन राय, अनुराधा पौडवाल रहे। कार्यक्रम संचालन संतोष कुमार पांडेय ने किया।