वलीदपुर । मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के रामपुरकांधी गांव के पास शुक्रवार की शाम पांच बजे के करीब सड़क के किनारे खेल रहें बालक को अनियंत्रित पिकप ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में घायल हुए बालक की मौत हो गई। घटना के पश्चात पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कांधी निवासी लालचंद का छह वर्षीय पुत्र अंश घर के पास खेल रहा था।
उसका मकान घोसी-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर मौजूद है। खेलते-खेलते बालक घर से थोड़ी दूरी पर मौजूद राजा हरिश्चंद्र महाविद्यालय की तरफ चला गया। तभी घोसी की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही पिकप वाहन की चपेट में आ गया। इस दौरान पिकप की चपेट में आने से बालक गंभीररुप से घायल हुआ। बालक को परिवार के सदस्य उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।