थाना क्षेत्र के खुरहट-रानीपुर मार्ग के निकट करपिया गांव के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा को मंगलवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रानीपुर-खुरहट मार्ग जाम कर दिया। लगभग एक घंटे के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
रानीपुर खुरहट मार्ग से करपिया गंाव जाने वाले पिचरोड पर गांव के पास डा. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। रात में अराजक तत्वों ने प्रतिमा के दाहिने हाथ के पंजे को क्षतिग्रस्त कर दिया था। बुधवार को लगभग दस बजे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। कुछ ही देर में जंगल की आग की तरह यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई।
गंाव और आस पास के क्षेत्र से सैकड़ों लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित गंाव वालों ने एक घंटे बाद लगभग 11 बजे गंाव के पास रानीपुर खुरहट मार्ग पर बांस बल्लियां आदि रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद एसओ केके पांडेय जाम स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटाया और तत्काल ही प्रतिमा के क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मत करानी शुरु कर दिया। मरम्मत शुरु होते ही ग्रामीण शांत हो गए। अंबेडकर समिति के अध्यक्ष स्वारथ राम की तहरीर पर पुलिस अज्ञात तत्वों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।