मऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने शनिवार को नगर स्थित तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के सभागार में समस्त केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली। डीआईओएस ने बोर्ड परीक्षा से जारी गाइड लाइन के प्रमुख बिंदुओं को पढ़कर सुनाया। साथ ही चेतावनी दी कि तैयारी को पूरा कर लिया जाए, अन्यथा औचक निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 135 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक केंद्र व्यवस्थापक तथा एक अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। डीआईओएस ने परीक्षा तैयारी की समीक्षा की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की ऑनलाइन मानीटरिंग की जाएगी। ऐसे में सीसीटीवी कैमरा किसी भी हालत में बंद नहीं होना चाहिए। बिजली गुल होने की स्थिति में जनरेटर चालू रहना चाहिए। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटे तक ही परीक्षार्थियों की इंट्री होगी।
परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी अनिवार्य है। परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान नौवीं तथा 11वीं का पंजीकरण प्रपत्र साथ में ले जाना होगा।मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्र के अंदर दाखिल होने वाला हर कोई तीसरी आंख की नजर से गुजरेगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में आमने सामने दो कैमरे होंगे। राउटर के साथ सीलिंग, पैकिंग करने वाले कक्ष में भी सीसीटीवी कैमरा लगा होना अनिवार्य है। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का भंडारण भी सीसीटीवी कैमरे की नजरों में होगा। कहा कि 10 फरवरी तक सभी तैयारी पूरी कर ली जाए, अन्यथा कमी मिलने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला समन्वयक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।