भीषण ठंड के मद्देनजर शुक्रवार को जिले के स्कूलों, कॉलेजों में जिला प्रशासन की ओर से जारी शेड्यूूल का अनुपालन नजर नहीं आया। जिले के आठ विद्यालय डीएम के आदेश के बाद भी सुबह के समय में ही खुले। शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने औचक निरीक्षण में आदेश का उल्लंघन करते मिलने पर आठ स्कूलों के खिलाफ सरायलखंसी थाने में तहरीर दी।
सर्दियों में मार्निंग स्कूल होने से छात्रों के लिए विद्यालय जाना कष्टकारक हो गया है। अभिभावकों व छात्रों की शिकायत पर भीषण ठंड तथा कोहरे के चलते वाहन दुर्घटना होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से जिले के समस्त विद्यालयों को 11 दिसंबर से पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक संचालित करने का फरमान जारी किया गया था।
चर्चित स्कूलों सहित दर्जनों मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालकों ने जिलाधिकारी के आदेश को ताक पर रखकर प्रात:कालीन कक्षाएं चलवाई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने औचक निरीक्षण किया। डीआईओएस ने नगर के सनबीम स्कूल, लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल, आजाद हिंद इंटर कालेज, अमृत पब्लिक स्कूल, सेंट थामस पब्लिक स्कूल, देव पब्लिक स्कूल, सेंट एजंल्स लर्निंग गार्डेन स्कूल सहित आठ विद्यालयों को जिलाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करते पाया। बीएसए राकेश कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश का उल्लंघन करते पाए जाने पर दो विद्यालयों को मौखिक चेतावनी दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. विनोद कुमार राय ने बताया कि आठ स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने के साथ ही सरायलखंसी थाने में तहरीर दे दी गई है। वहीं सरायलखंसी थाना के एसओ अरुण कुुमार राय ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक की तहरीर मिली है। जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।