दक्षिणटोला थाने की पुलिस ने सोमवार की देर शाम बिजली निगम के एक कर्मचारी से वसूली उसके घर में घुसकर अभद्रता के आरोप में एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई पुलिस ने सीजेएम कोर्ट के आदेश पर की है।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। तहरीर में दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा निवासी मोहम्मद अजहर ने बताया कि उसकी वर्ष 2018 में विद्युत विभाग में श्रमिक पद पर हुई थी। वर्तमान में वह 33/11 केवी उपकेंद्र जहागीराबाद में कार्यरत है। आरोप है उपखंड अधिकारी द्वितीय मऊ अमित कुमार ने उससे जबरन लाइनमैन का काम कराया।
हर माह उपभोक्ताओं से 20 हजार की वसूली करने का दबाव बनाया। उसने उपभोक्ताओं से वसूली करने से इन्कार कर दिया तो एसडीओ ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसे बार-बार विभिन्न उपकेंद्रों अरदौना, रहजनिया और बख्तावरगंज में स्थानांतरित किया।
जुलाई माह से उसका वेतन भी रोक दिया है। आरोप है कि बीते 20 अप्रैल 2025 को एसडीओ अमित कुमार कुछ कर्मचारियों के साथ उसके घर पहुंचे और उसके घर का विद्युत कनेक्शन काट दिया। परिवार के लोगों से गाली-गलौज भी की। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
उधर इस मामले में संबंधित एसडीओ अमित कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई।अधिशासी अभियंता भुवनराज सिंह ने इस मामले से अनभिज्ञता जताई। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।