स्थानीय नगर में बृहस्पतिवार को सघन बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली चोरी कर रहे चार उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही अभियान में बकाएदारों से एक लाख 22 हजार रुपये की वसूली की गई। बिजली चोरी रोकने और बकाएदारों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 22 उपभोक्ताओं के घरों की बिजली की चेकिंग की गई। चार लोगों का बिल बकाया होने के कारण उनके कनेक्शन काट दिए गए।
नगर पंचायत अमिला के टेढ़ी गली में छापेमारी में चार उपभोक्ता लाइन को बाइपास कर बिजली चोरी कर रहे थे। उनके खिलाफ धारा 135 के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया। इस मौके पर विभाग के एसडीओ राजेश प्रसाद, जेई अजय कुमार गुप्ता, लाइनमैन जीतेंद्र साहनी, लालू आदि मौजूद रहे। जेई अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि चेकिंग के दौरान दो उपभोक्ताओं का मीटर खराब होने पर उसे बदला गया। साथ ही एक उपभोक्ता के कनेक्शन का पावर लोड बढ़ाया गया। चेताया कि समय से बिजली का बिल जमा करें साथ ही सही लोड का कनेक्शन लें। बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर उनपर मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।