समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं मीडिया प्रवक्ता राजीव राय के वाहन को कई बार ओवरेटेक करने पर शक के आधार पर पुलिस ने एक वाहन को कब्जे में लिया।
पुलिस वाहन से अत्याधुनिक राइफल एवं 30 जिंदा कारतूूस बरामद करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। राजनेता ने मामले में हमले की आशंका जताई है। इससे पुलिस के हाथ पांच फूले हैं।
प्रथम दृष्टया पुलिस का कहना है कि असलहा लाइसेंसी है और इसकी जांच पड़ताल के बाद ही कोई निष्कर्ष निकला जा सकता है।
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय शुक्रवार को गृह जनपद बलिया से पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मऊ आ रहे थे। रतनपुरा से पहले बलिया की तरफ से ही आ रही एक गोरखपुर जनपद की नंबर लगी जाइलो ने उनके वाहन को ओवरटेक किया।
कुछ दूर जाने के बाद जाइलो धीमी हो गई और राजीव राय की गाड़ी निकल गई। इसके बाद फिर जाइलो ने ओवरटेक किया। इस प्रकार दो बार ओवरटेक किए जाने पर राजीव राय ने इसकी सूचना जनपद पुलिस को दी। थानाध्यक्ष हलधरपुर हवलदार यादव ने रेलवे फाटक के समीप बैरीकेडिंग कराकर जाइलो को रुकवा लिया। दो लोगों को हिरासत में लिया।
वाहन से एक राइफल और 30 कारतूस बरामद किया। सपा नेता की तरफ से उनपर हमले का शक जताने पर पुलिस के भी हाथ पांव फूले हैं।
सपा नेता राजीव राय ने इस संबंध में बताया कि कई बार वाहन को ओवरटेक किए जाने पर उन्हें शक हुआ कि कहीं उन पर हमले की तो साजिश नहीं । पुलिस इस मामले में हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
पकड़ा गया युवक भगत सिंह कोपागंज एवं शिवशंकर सैनी दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बेला कसैला गांव के रहने वाले हैं। इस संबंध में एसपी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि पूछताछ में युवकों ने खुद को बलिया से आना बताया। उनकी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन है और रायफल भी लाइसेंसी है ।
जो उन्हीं के नाम से है। मामले की जांच की जा रही है। पकड़े गए युवक अगर किसी प्रकार से संदिग्ध नजर आए तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।