नगर क्षेत्र के खीरीबाग मोहल्ला से प्रेमाराय मोहल्ले में बिजली के तार उतारे जाने का मामला गंभीर होता जा रहा है। रविवार को बिजली विभाग ने अधिकारियों की मौजूदगी में प्रेमाराय मोहल्ले में हाइटेंशन तार पोल पर लगवाए।
लेकिन उसी रात तारों को खंभे से उतारकर सड़क पर छोड़ दिया गया। सोमवार को खीरीबाग के लोगों ने प्रदर्शन कर कहा कि खीरीबाग मोहल्ला से प्रेमाराय को बिजली जाने का वे विरोध करते हैं। हालांकि मौके पर प्रशासन ने पहुंचकर लोगों समझाकर मामला शांत कराया।
प्रेमाराय मोहल्ले में बीते कई वर्षों से लो वोल्टेज की समस्या है। इसके लिए मोहल्ले के लोगों ने चंदा जुटाकर एक नए ट्रांसफार्मर का प्रबंध किया। प्रेमाराय मोहल्ल्ले में लगे ट्रांसफार्मर में आपूर्ति खीरीबाग मोहल्ले से लानी थी।
इसका खीरीबाग मोहल्ले के लोग विरोध कर रहे थे। लेकिन हाईकोर्ट में मामला जाने के बाद कोर्ट से आदेश पर जिला प्रशासन ने कई बार की बैठकों के बाद रविवार को खीरीबाग मोहल्ले से प्रेमाराय मोहल्ले में बिजली आपूर्ति ले जाने के लिए हाइटेंशन तार को बिछवाया गया।
लेकिन रविवार की रात ही बिजली के तार को खंभों से उतार कर सड़क पर छोड़ दिया गया। इससे सोमवार को लोगों को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही खीरीबाग से बिजली आपूर्ति न जाने की मांग को लेकर खीरीबाग मोहल्ले के लोगों ने प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन की जानकारी होने के बाद शहर कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
इस संबध में सीओ सिटी अशोक कुमार यादव ने बताया कि इस संबध में अधिकारियों और आम जनता के बीच बैठक कर कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराया जाएगा।