कोपागंज। थाना क्षेत्र के रेवरीडीह स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय बृहस्पतिवार की भोर में एक अनियंत्रित कार नगर पंचायत के बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार सवार चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी अश्वनी सिंह अपनी कार से विंध्याचल निवासी संतु कुमार के साथ मऊ आए थे। शुक्रवार की की सुबह करीब तीन बजे दोनों कार से लखनऊ लौट रहे थे।
अभी वे रेवरीडीह स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतर रहे थे कि अचानक कार अनियंत्रित होकर नगर पंचायत के बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में अश्वनी सिंह के चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि संतु कुमार का पैर फ्रैक्चर हो गया और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
एसओ कोपागंज रोहन राकेश ने बताया कि सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अश्वनी सिंह को छुट्टी दे दी गई, जबकि संतु कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। उनका इलाज आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। संवाद