फोरलेन पर स्कूली छात्रा को बचाने में एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घटना में तीन युवक घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। बाद में इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा फोरलेन पर एक कार स्कूली छात्रा को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन युवक मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि छात्रा पूरी तरह सुरक्षित रही।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे गोरखपुर से वाराणसी के चौकाघाट जा रही कार कुसुम्हा के पास पहुंची, तभी एक स्कूली छात्रा साइकिल से सड़क पार कर रही थी। कार चालक ने छात्रा को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में सवार यात्री सुमित जायसवाल, सुनील और श्रवण इस दुर्घटना में घायल हो गए।
हादसे के दौरान सड़क पर मौजूद अन्य लोग भी घबरा गए, लेकिन राहत की बात रही कि छात्रा को कोई चोट नहीं आई। वहीं दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवकों की सहायता की। तीनों युवकों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिनमें से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।