आजमगढ़, मऊ और बलिया के सात रोडवेज बस स्टेशनों पर 296 संविदा चालकों की कमी है, जिसके चलते रोजाना 80 से अधिक बसें नहीं चल पाती हैं।
संविदा चालकों को भर्ती के लिए आजमगढ़ मंडल में 19 से 23 फरवरी तक 14 अलग अलग जगहों पर भर्ती कैंप का आयोजन किया जाएगा। सबसे पहला भर्ती कैंप 19 फरवरी को आजमगढ़ डिपो द्वारा निजामाबाद और राजे सुल्तानपुर में लगाया जाएगा, जिसमें 44 चालकों की भर्ती का लक्ष्य दिया गया है।
20 फरवरी को मऊ जिले में दोहरीघाट डिपो की तरफ से हाटा और रौनापार में कैंप लगेगा, जिसमें 40 चालकों की भर्ती करनी है। उसी दिन मऊ डिपो की तरफ से मझवारा और बोझी में कैंप लगेगा, जिसमें 47 चालकों की भर्ती करना है।
बलिया डिपो की तरफ से 21 फरवरी को रानीगंज और फेफना और बेल्थरारोड डिपो की तरफ से मर्यादपुर और गजियापुर में कैंप लगाया जाएगा। दोनों डिपो को 72 चालकों की भर्ती करने का लक्ष्य मिला है।
23 फरवरी को शाहगंज डिपो की तरफ से पवई, अर्सिया बाजार और डॉ. अंबेडकर डिपो की तरफ से मालटारी और सिंहपुर में कैंप लगाया जाएगा। इन दोनों डिपो को 93 चालकों की भर्ती का लक्ष्य मिला है।
-
इनसेट
बेल्थरारोड डिपो में 48 चालकों की कमी
सबसे अधिक बेल्थरारोड डिपो में 48 चालकों की कमी है, जबकि सबसे कम बलिया डिपो में 24 चालकों की कमी है। 296 चालकों की कमी से सभी डिपो की लगभग 80 बसों का संचालन रोजाना नहीं हो पाता है।
इन बसों के चलने से परिवहन निगम को रोजाना आठ लाख रुपये और 2.40 करोड़ रुपये एक माह में अधिक का आय होगा। जनवरी में भी सातों डिपो की तरफ से 19 जनवरी से 23 जनवरी तक 14 स्थानों पर कैंप लगाए गए थे लेकिन कैंप में अधिकतम अयोग्य युवा पहुंचे, जिसके चलते उनका चयन नहीं हो पाया।
भर्ती के लिए आठवीं पास, दो साल पुराना हैवी ड्राइविंग लाइसेंस धारकों का चयन किया गया है। उम्र कम से कम 23 वर्ष छह माह निर्धारित है।बताया कि 2.20 रुपये प्रति किमी की दर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। 22 दिन ड्यूटी के दौरान 5000 किमी चलने वाले चालक को 3000 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
- गौतम कुमार गुप्ता, एआरएम, मऊ डिपो