मऊ। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल की जिला कमेटी की बैठक शुक्रवार की शाम जिला उपाध्यक्ष अश्वनी सिंह के आवास पर संपन्न हुई। जिसमें सभी व्यापारी बंधुओं से अपील की गई कि वो चीन निर्मित सामग्रियों का व्यवसाय करने से परहेज करें।
बैठक में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी ने जिला कमेटी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चीन का रवैया भारत के प्रति हमेशा ही बहुत खराब रहा है। वर्ष 1962 की लड़ाई हो या वर्तमान में आर्थिक दौर का जंग चीन हमेशा भारत के साथ घात करता नजर आता है। वर्तमान में भी चीन द्वारा गलवान की घाटी से लगायत तमाम जगह भारत में उत्तल पुथल करने की साजिश की जाती है। जिसका मुंह तोड़ जवाब हमारे देश के जवान सीमा पर देते नजर आ रहे हैं। ऐसे में हम सभी नागरिकों का भी कर्तव्य बनता है कि चीन के खिलाफ जंग में सेना व सरकार का साथ दें। वहीं प्रदेश सचिव विजय सर्राफ ने कहा कि बैठक में आने वाले नवरात्रि, दशहरा, भैया दूज व दिवाली के त्योहारों पर चीनी उत्पादों की खरीद व बिक्री का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने की अपील करें। इस अवसर पर जिला महासचिव श्रीराम जायसवाल, नगर अध्यक्ष प्रवीण चंद्र मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह, प्रदेश युवा सचिव मनीष सर्राफ, जिला कोषाध्यक्ष दिलीप तनवानी, जिला सचिव कन्हैया जयसवाल, नगर उपाध्यक्ष राकेश उपाध्याय, जिला सचिव गौरव जयसवाल, सुधीर दयाल रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी व संचालन जिला महासचिव श्रीराम जायसवाल ने किया।